किसान बनकर निकले जादूगर नरेश: सांवरिया सेठ मंदिर से 21 किलोमीटर पहले तक की विशाल जल सेवा, श्रद्धालुओं को मिली राहत

- लूनिया टाइम्स न्यूज़ संवाददाता प्रभुलाल लुहार
भीलवाड़ा। भीषण गर्मी में श्रद्धालुओं और राहगीरों की सेवा के लिए जादूगर नरेश ने एक अनूठी पहल करते हुए किसान के वेश में जल सेवा अभियान चलाया। यह सेवा सांवरिया सेठ मंदिर से करीब 21 किलोमीटर पहले तक लारी (वाहन) के माध्यम से की गई, जहां हजारों यात्रियों को शीतल जल उपलब्ध कराया गया।
सेवा मार्ग पर चल रहे पैदल यात्रियों, वाहन चालकों, बच्चों व बुजुर्गों को रोक-रोककर पानी पिलाया गया। गर्मी से परेशान श्रद्धालुओं को जब ठंडा पानी मिला तो उन्होंने इसे ईश्वर की कृपा और मानवता की सच्ची सेवा बताया।
जादूगर नरेश ने कहा कि “सांवरिया सेठ के भक्तों की सेवा करना ही सबसे बड़ा धर्म है। किसान का जीवन मेहनत और सेवा का प्रतीक है, इसलिए किसान बनकर सेवा करने का संकल्प लिया।”

इस दौरान कई युवाओं व सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी सहयोग किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की जल सेवा से क्षेत्र में सकारात्मक संदेश जाता है और समाज को प्रेरणा मिलती है।
जादूगर नरेश की इस पहल को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा गया और लोगों ने उनके इस सेवा कार्य की जमकर प्रशंसा की।











