
Prabhu Lal Lohar
भीलवाड़ा जिले के करेड़ा थाना क्षेत्र स्थित उमरी गांव में एक परिवार ने गांव के कुछ लोगों पर गंभीर उत्पीड़न और धमकियों के आरोप लगाए हैं। पीड़ित दुर्गालाल सालवी ने जिला पुलिस अधीक्षक को परिवाद सौंपकर न्याय और सुरक्षा की मांग की है।
परिवार का आरोप है कि उन्हें लंबे समय से मानसिक, सामाजिक और आर्थिक रूप से परेशान किया जा रहा है। शिकायत के अनुसार खेत की तारबंदी में करंट छोड़ा गया, जिससे परिवार की जान को खतरा बना हुआ है।
पीड़ित परिवार ने बताया कि हाल ही में खेत में आग लगने से आम के कई पेड़ जल गए, जिससे हजारों रुपये का नुकसान हुआ। परिवार का यह भी आरोप है कि उनकी खातेदारी जमीन तक जाने का रास्ता बंद कर दिया गया है।

परिवार के अनुसार गांव में उनके खिलाफ सामाजिक बहिष्कार जैसा माहौल बना दिया गया है। उनके घर आने-जाने वाले लोगों को भी रोका जा रहा है, जिससे परिवार भय और दबाव में जीवन गुजारने को मजबूर है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया कि कुछ लोग हथियारनुमा वस्तुएं लेकर उनके घर के बाहर पहुंचे, गाली-गलौज की और पहले दर्ज कराई गई रिपोर्ट वापस लेने का दबाव बनाया। साथ ही गांव छोड़ने तक की धमकियां देने की बात भी कही गई है।
पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।











