संविधान जागरूकता एवं एकता सम्मेलन में गूंजे सामाजिक समरसता के स्वर

- बनेड़ा
Parmeshwar Kumar Damami
भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर जयपुर स्थित पीसीसी कार्यालय में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (अल्पसंख्यक विभाग) द्वारा “संविधान जागरूकता एवं एकता सम्मेलन” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भीलवाड़ा सहित प्रदेशभर से आए कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं कांग्रेसजनों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे आयोजन में उत्साह और ऊर्जा का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एम.डी. चोपदार ने कहा कि आज भारत का प्रत्येक नागरिक जिस स्वतंत्रता के साथ जीवन जी रहा है—चाहे वह रोजगार चुनने की आज़ादी हो, अपने धर्म का पालन करने का अधिकार हो या अपनी जीवनशैली के अनुसार जीने की स्वतंत्रता—यह सब बाबा साहब अंबेडकर द्वारा प्रदत्त संविधान की देन है। उन्होंने कहा कि संविधान ने देश के हर नागरिक को समानता और सम्मान के साथ जीने का अधिकार दिया है।
इस अवसर पर विभाग की प्रदेश कार्यकारिणी के नव-नियुक्त पदाधिकारियों, सोशल मीडिया टीम तथा असम विधानसभा चुनाव में सक्रिय भूमिका निभाने वाले प्रदेश उपाध्यक्ष जफर हुसैन टॉक का शाल ओढ़ाकर, साफा पहनाकर एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया गया।
कार्यक्रम में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया कि आने वाले समय में प्रदेश के प्रत्येक जिले में “सद्भावना सम्मेलन” आयोजित किए जाएंगे, ताकि सामाजिक एकता और भाईचारे को और अधिक मजबूत किया जा सके।

इस अवसर पर प्रदेश सचिव अली मंसूरी, भीलवाड़ा ग्रामीण जिला अध्यक्ष इकबाल मोहम्मद शाह, शहर अध्यक्ष हामिद रंगरेज सहित कई पदाधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही जयपुर जिला कांग्रेस कमेटी (शहर) के अध्यक्ष सुनील शर्मा, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव ललित तूनवाल, पीसीसी सचिव ताराचंद सैनी, महासचिव स्वर्णिम चतुर्वेदी, आरसी चौधरी, एडवोकेट शगीर अहमद एवं प्रोफेसर हसीना सहित कई वरिष्ठ नेता मंचस्थ रहे।
कार्यक्रम का संचालन लियाकत अली झालावाड़ एवं सलमा पिनारा द्वारा किया गया। अंत में भीलवाड़ा के अल्पसंख्यक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष एम.डी. चोपदार का आभार व्यक्त किया।











