एकल अभियान द्वारा स्वरूपगंज थाना और चिकित्सालय में रक्षाबंधन उत्सव धूमधाम से मनाया गया
एकल आचार्य भाइयों को राखी बाँधकर बहनों ने दी लंबी आयु की शुभकामनाएं, आत्मीयता और भारतीय संस्कृति की सुंदर झलक

स्वरूपगंज (सिरोही)। एकल अभियान संभाग राजस्थान के भाग हल्दीघाटी अंतर्गत अंचल सिरोही के संच स्वरूपगंज द्वारा रक्षाबंधन का पर्व थाना स्वरूपगंज और सामुदायिक चिकित्सालय में पूरे भाव और उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान एकल की आचार्य बहनों ने पुलिसकर्मियों और चिकित्साकर्मियों की कलाई पर राखी बांधकर उनके स्वस्थ, सुरक्षित और सफल जीवन की कामना की।
अंचल प्रशिक्षण प्रमुख भरत कुमार ने एकल अभियान की टीम का परिचय करवाते हुए संगठन के उद्देश्यों और ग्रामीण क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक कार्यों की जानकारी दी। अंचल अध्यक्ष रामेश्वर सोनी ने एकल की शिक्षा, संस्कृति और ग्रामोत्थान के लिए चल रही सेवाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में पंचायत समिति सदस्य पिंडवाड़ा और संच समिति सदस्य पवन अग्रवाल, ग्रामोत्थान अंचल अध्यक्ष और स्वरूपगंज के संच समिति अध्यक्ष सावरमल अग्रवाल ने भी भाग लिया। उन्होंने एकल अभियान की सराहना करते हुए इसे समाज और राष्ट्र के लिए एक प्रेरणादायक मिशन बताया।
इस अवसर पर भरत कुमार (अंचल प्रशिक्षक), देवाराम (संच प्रमुख), चौपाराम (आपरीखेड़ा संच प्रमुख) सहित सभी आचार्य भाई-बहन उपस्थित रहे और इस आयोजन को सफल और प्रेरणादायी बनाया।


भारतीय परंपरा और सेवा भावना का अद्भुत समागम
एकल टीम द्वारा आयोजित यह रक्षाबंधन कार्यक्रम न केवल एक धार्मिक उत्सव था, बल्कि सेवा, संस्कार और संगठनात्मक एकता का अनुपम उदाहरण भी रहा।
इस आयोजन ने थाना और चिकित्सालय जैसे संस्थानों में आत्मीयता, सम्मान और संस्कृति के बीज बोए हैं, जो समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करता है।













