केसर बायोसा मंदिर बीजापुर में महासप्तमी मेला सम्पन्न, भव्य भजन संध्या व राजकीय बालिका विद्यालय भवन का लोकार्पण

केसर बायोसा मंदिर बीजापुर में महासप्तमी का वार्षिक मेला हर्षोल्लास से सम्पन्न
बीजापुर स्थित केसर बायोसा मंदिर में महासप्तमी के पावन अवसर पर वार्षिक मेले का आयोजन श्रद्धा और भक्ति के साथ सम्पन्न हुआ। मेले का शुभारंभ माताजी की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया था तथा माताजी का मनमोहक श्रृंगार श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा।
इस अवसर पर श्री रघुनाथ पीर मंदिर ढालोप के गादीपति संत बालक नाथजी महाराज के बीजापुर पधारने पर केसर बायोसा मंदिर परिसर में उनका भव्य स्वागत किया गया। केसर बायोसा के परम भक्त एवं उपासक नताराम जी द्वारा संध्या आरती की गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
रात्रि में आयोजित भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन कलाकार रवि लोहार ने “केसर बायोसा एकन वार आवनो पड़ेला” सहित कई सुरमधुर भजनों की प्रस्तुति दी। वहीं नृत्य कलाकारों की भावपूर्ण प्रस्तुतियों ने कड़ाके की सर्दी में भी दर्शकों को बैठे रहने पर मजबूर कर दिया। भजन संध्या के दौरान मेला व्यवस्था में सहयोग देने वाले भामाशाहों का माला व साफा पहनाकर सम्मान किया गया।
केसर बायोसा मंदिर के व्यवस्थापक अमर सिंह राजपुरोहित ने बताया कि वार्षिक मेले में जोधपुर से पधारे संत निर्मल दास जी, भीमाराम जी, पूर्व प्रधान कपुराराम मेघवाल, रामलाल प्रजापत एवं मनाराम देवासी का स्वागत किया गया। महिला भजन गायिका पूजा राठौड़ ने “केसर बायोसा म्हाने सुरत प्यारी लागे” भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय बीजापुर के नविनीकृत भवन का लोकार्पण
बीजापुर स्थित राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय के नविनीकृत भवन का उद्घाटन समारोह बाली विधायक पुष्पेन्द्र सिंह राणावत के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं भामाशाहों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन कर किया गया। विद्यालय की छात्राओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर सभी का अभिनंदन किया।
विधायक पुष्पेन्द्र सिंह राणावत, भामाशाह प्रकाशचंद जैन एवं अमृती जैन द्वारा फीता काटकर नविनीकृत भवन का लोकार्पण किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य भंवर सिंह राजपुरोहित ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्ष 1964 में महिला शिक्षा को बढ़ावा देने हेतु जैन चंदुलाल जी कामदार परिवार द्वारा इस विद्यालय की नींव रखी गई थी। समय के साथ भवन जर्जर हो गया था, जिसे अब कामदार जैन परिवार द्वारा नवीनीकरण करवाया गया।
नवीन भवन को देखकर बालिकाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। छात्राओं ने पुष्पवर्षा कर दानदाताओं का स्वागत किया। इस अवसर पर राता महावीर तीर्थ बीजापुर के ट्रस्टी दयालचंद जैन, अशोक सेठिया, विनिता सेठिया, सरदारमल जैन, ललिता जैन, सुरजमल जैन, सरोजा जैन, अविनाश जैन, मधु जैन एवं इंदिरा जैन का सम्मान किया गया।
जैन परिवार द्वारा विद्यालय में नवीन कक्षाओं एवं फर्नीचर की व्यवस्था कराने की भी घोषणा की गई। कार्यक्रम का संचालन दशरथ सिंह राणावत ने किया। समारोह में हरिनारायण गुर्जर, सलीम बेग, तेजपाल परमार, जीवनबाला परमार, कमलेश कुमार, जितु दवे, आशा कुमारी, हिना कुमारी, शिवपाल मीणा सहित अनेक गणमान्य नागरिक व ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बीजापुर के ग्रामीणों में मदनलाल सुथार, विक्रम सिंह राजपुरोहित, वार्ड पंच भगाराम वर्मा, उपसरपंच भोम सिंह, हनुमान सिंह राव, किशोर राजपुरोहित, अर्जुन दास वैष्णव, रमेश राजपुरोहित, जगदीश राजपुरोहित, ललित परमार सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।













