विश्वकर्मा जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, शहर गूंजा विश्वकर्मा–जांगिड़ समाज के जयघोषों से मातृशक्ति की कलश यात्रा और आकर्षक झांकियां बनीं उत्सव का केंद्र

पाली। सृष्टि रचयिता भगवान श्री विश्वकर्मा की जयंती के पावन अवसर पर श्री विश्वकर्मा जांगिड़ समाज सेवा समिति के तत्वावधान में भरतनंद गिरी महाराज की शुभ निश्रा एवं समाज अध्यक्ष रामचंद्र पिड़वा के नेतृत्व में शहर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा श्री विश्वकर्मा जांगिड़ समाज भवन, दुर्गादास नगर से प्रारंभ होकर सूरजपोल, धोला चोतरा, घी का झंडा, सर्राफा बाजार, उदयपुरिया बाजार, चुड़ीघर बाजार, रूई कटला होते हुए प्यारा चौक स्थित प्राचीन विश्वकर्मा मंदिर पहुंची। यहां दर्शन-आरती के बाद शोभायात्रा हवाई बिल्डिंग व सूरजपोल होते हुए पुनः विश्वकर्मा मंदिर पहुंचकर सम्पन्न हुई।
शोभायात्रा मार्ग में जगह-जगह शहरवासियों ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। मार्ग के दोनों ओर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे शहर का माहौल भक्तिमय बन गया।

आमसभा व सम्मान समारोह आयोजित
जिला प्रचार मंत्री घेवरचंद आर्य ने बताया कि वीर दुर्गादास नगर स्थित विश्वकर्मा मंदिर में अखिल भारतीय जांगिड़ ब्राह्मण महासभा की आमसभा का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता जिला अध्यक्ष भंवरलाल आसदेव ने की। कार्यक्रम में पूर्व विधायक ज्ञानचंद पारख, सभापति महेंद्र बोहरा, संत सुरजनदास महाराज एवं विश्वकर्मा मंदिर वागुड़ा अध्यक्ष देवराज मुख्य अतिथि रहे।
समारोह में झांकियों में भाग लेने वाले बाल कलाकारों को स्कूल बैग व पानी की बोतलें पुरस्कार स्वरूप भेंट की गईं। अतिथियों का माल्यार्पण कर स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया गया। साथ ही समाज के छात्र-छात्राओं एवं सरकारी सेवा में चयनित युवाओं को प्रमाण पत्र व स्मृति चिन्ह प्रदान कर उत्साहवर्धन किया गया।
इससे पूर्व मंदिर में विधिविधान से ध्वज चढ़ाई गई। विश्वकर्मा यज्ञ के माध्यम से समाज व राष्ट्र के स्वास्थ्य, शांति और समृद्धि की मंगलकामना की गई।

ये झांकियां रहीं आकर्षण का केंद्र
भगवान राम, खाटू श्याम, गणेशजी व ऋद्धि-सिद्धि, राधा-कृष्ण, देवी कालका, भगवान विश्वकर्मा, शिव बारात, रामभक्त हनुमान व वानर सेना, देश रक्षा में तत्पर सैनिक, शिव-गणों का तांडव नृत्य, शिव-पार्वती नृत्य, बाल कलाकारों का तलवार संचालन, चार ट्रैक्टरों पर पौराणिक देवी-देवताओं की मनमोहक झांकियां तथा मातृशक्ति की गणवेश में निकली कलश यात्रा ने सभी का मन मोह लिया।
इनका रहा विशेष सहयोग
समाज अध्यक्ष रामचंद्र पिड़वा, सचिव मधुसूदन बूढल, कोषाध्यक्ष पारसमल बूढल, युवा प्रकोष्ठ अध्यक्ष सुरेश इन्द्राणिया, महिला मंडल अध्यक्ष तरुणा धामू, प्रचार मंत्री अमरचंद बूढल, डायाराम सायल, बंशीलाल आऊंवा, विजयराज ओस्तवाल, रमेश नागल, धनराज नागल सहित अनेक समाजजन कार्यक्रम में सक्रिय रहे। मंच संचालन रामदयाल जांगिड़ एवं ओम आचार्य ने किया। अंत में समाज अध्यक्ष रामचंद्र पिड़वा ने सभी सहयोगकर्ताओं व शहरवासियों का आभार व्यक्त किया।
- रिपोर्ट: घेवरचंद आर्य, पाली














