भामाशाहों की सराहनीय पहल: ढोसर स्कूल को 72 हजार का फर्नीचर व कम्प्यूटर भेंट, विद्यार्थियों को मिलेगा बेहतर अध्ययन वातावरण

भीलवाड़ा। गंगापुर क्षेत्र के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय ढोसर में विद्यार्थियों की सुविधा और शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से भामाशाहों ने सराहनीय योगदान देते हुए विद्यालय को फर्नीचर और कम्प्यूटर भेंट किए। इस सहयोग से विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और पढ़ाई का माहौल अधिक अनुकूल बनेगा।
ढोसर स्कूल की प्रशासक भगवती देवी आसोलिया, जसवंत सिंह आसोलिया, रामसिंह आसोलिया (ऑपरेटर) तथा चंदन सिंह आसोलिया ने भामाशाह बनकर लगभग 72 हजार रुपये की लागत से लोहे के टेबल-स्टूल विद्यालय को उपलब्ध करवाए। इससे विद्यार्थियों को बैठने की बेहतर व्यवस्था मिलेगी और कक्षाओं में अध्ययन कार्य व्यवस्थित रूप से संचालित हो सकेगा।

वहीं विद्यालय कार्यालय में ऑनलाइन कार्यों को सुचारू रूप से संचालित करने के उद्देश्य से राजेंद्र सिंह राणा और हिम्मत सिंह राणा ने विद्यालय को कम्प्यूटर भेंट किया, जिससे प्रशासनिक कार्यों में भी गति आएगी।
इस अवसर पर ढोसर स्कूल विद्यालय के प्रधानाचार्य गोपाल लाल शर्मा ने सभी भामाशाहों का माला पहनाकर तथा ऊपरना ओढ़ाकर सम्मान किया। उन्होंने विद्यालय परिवार की ओर से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज के सहयोग से ही शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान विनोद बूलीवाल, दिनेश कुमार सेन, नरेंद्र कुमार, प्रहलादराय शर्मा, गीता लुहार, हीरालाल शर्मा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
रिपोर्ट: प्रभुलाल लोहार
लुनिया टाइम्स न्यूज, भीलवाड़ा।













