रायला थाने के बाहर बड़ी कार्रवाई: स्विफ्ट कार से 50 किलो 350 ग्राम डोडा चूरा जब्त, दो तस्कर गिरफ्तार

प्रभुलाल लोहार
जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत रायला थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। रायला पुलिस थाने के बाहर नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने एक स्विफ्ट कार से 50 किलो 350 ग्राम अवैध डोडा चूरा बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त कार को भी जब्त कर लिया।
पुलिस के अनुसार रायला थाना पुलिस द्वारा थाने के बाहर नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान अचानक एक स्विफ्ट कार को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार में छुपाकर रखा गया भारी मात्रा में डोडा चूरा मिलने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान देवाराम (22) पुत्र बुधराम जाट निवासी बिंचावा गांव, थाना खूनखुना, जिला डीडवाना तथा प्रीतमपुरी (26) पुत्र ओमपुरी गोस्वामी निवासी बिंचावा गांव, थाना खूनखुना, जिला डीडवाना के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह डोडा चूरा कहां से लाया गया था और इसे किस स्थान पर सप्लाई किया जाना था। साथ ही तस्करी से जुड़े नेटवर्क के अन्य लोगों की तलाश भी की जा रही है।
इस कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी मूलचंद के नेतृत्व में कॉस्टेबल श्याम सुंदर, विक्रम, राजेश, बनवारी लाल सहित पुलिस टीम मौजूद रही।











