बिना वैध लीज पत्थर निकासी का आरोप, “रॉयल्टी” के नाम पर कथित रसीदों से मचा हड़कंप

प्रभुलाल लोहार
जिले के हमीरगढ़ तहसील क्षेत्र में कथित अवैध पत्थर खनन को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि क्षेत्र में बिना किसी वैध खनन लीज के बड़े स्तर पर पत्थरों की निकासी की जा रही है तथा “रॉयल्टी” के नाम पर कथित रसीदें काटकर वाहनों का संचालन किया जा रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार पिछले कई दिनों से इलाके में पत्थरों से भरे डंपर और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की लगातार आवाजाही बनी हुई है। लोगों का कहना है कि खनन कार्य नियमों और पर्यावरणीय मानकों की अनदेखी करते हुए किया जा रहा है, जिससे प्राकृतिक संसाधनों और आसपास की जमीन को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
स्थानीय लोगों ने सवाल उठाया है कि यदि मौके पर वैध लीज और आवश्यक अनुमति मौजूद नहीं है तो आखिर किस आधार पर पत्थरों की निकासी की जा रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि इस पूरे मामले से सरकारी राजस्व को भी नुकसान हो सकता है।


सड़कें टूटीं, धूल-प्रदूषण से लोग परेशान
ग्रामीणों ने बताया कि भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से गांव के रास्ते क्षतिग्रस्त हो रहे हैं। वहीं क्षेत्र में धूल और प्रदूषण बढ़ने से आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि दिन-रात दौड़ते भारी वाहनों के कारण हादसों का खतरा भी बढ़ गया है।
संयुक्त जांच और कार्रवाई की मांग
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन, खनिज विभाग और पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि मौके पर दस्तावेजों और अनुमति की जांच कर सच्चाई सामने लाई जाए तथा यदि अनियमितता पाई जाती है तो दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। फिलहाल क्षेत्र में लोगों की नजर प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है।











