पाली को मिले नए जिला कलक्टर: डॉ. रवीन्द्र गोस्वामी ने संभाली कमान, एलएन मंत्री को भावभीनी विदाई

पाली, 02 अप्रैल। जिले के नवपदस्थापित जिला कलक्टर डॉ. रवीन्द्र गोस्वामी ने गुरुवार को पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने निर्वतमान जिला कलक्टर एलएन मंत्री से कार्यभार संभालते हुए राज्य सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों को गति देने का भरोसा दिलाया। इस दौरान एलएन मंत्री ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए सफल कार्यकाल की कामना की।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद डॉ. गोस्वामी ने कहा कि राज्य सरकार की मंशानुरूप विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा तथा आमजन को अधिकतम लाभ पहुंचाने के लिए प्रशासन पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करेगा। उन्होंने जिले के अधिकारियों से मुलाकात कर प्रशासनिक व्यवस्थाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी भी ली।
इससे पहले जिला कलक्टर कार्यालय पहुंचने पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने डॉ. गोस्वामी का स्वागत किया। वहीं दूसरी ओर, निर्वतमान जिला कलक्टर एलएन मंत्री को जिला कलक्टर कार्यालय परिसर में आयोजित समारोह में भावभीनी विदाई दी गई।

विदाई समारोह में एलएन मंत्री ने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए कहा कि “टीम पाली” के रूप में कार्य करते हुए प्रशासन ने कई कठिन लक्ष्यों को हासिल किया और जिले के विकास को नई दिशा देने का प्रयास किया। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में डॉ. रवीन्द्र गोस्वामी ने एलएन मंत्री के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन भविष्य में भी मिलता रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन आमजन की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता मानते हुए कार्य करेगा।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर डॉ. बजरंग सिंह ने भी एलएन मंत्री के कार्यकाल से जुड़े अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में अतिरिक्त जिला कलक्टर ओम प्रभा, प्रशिक्षु आईएएस बिरजू गोपाल, सीईओ मुकेश चौधरी, एसीईओ महेन्द्र मेहता, नगर निगम आयुक्त नवीन भारद्वाज सहित जिले के विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।











