आकाशीय बिजली गिरने से दो मकानों की छतें ढही, बड़ा हादसा टला,रैगर मोहल्ले में देर रात हुआ हादसा, परिवारजन मलबे की चपेट में आने से बाल-बाल बचे

Rakesh Agrawal
सवाई माधोपुर । जिला मुख्यालय के पुराने शहर स्थित रैगर मोहल्ले में देर रात आकाशीय बिजली गिरने से दो मकानों की छतें भरभराकर ढह गईं। हादसे से इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। सौभाग्य से घटना के समय परिवार के सदस्य घर के पिछले हिस्से के कमरों में सो रहे थे, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार देर रात मौसम में अचानक बदलाव आया। तेज गर्जना और बिजली की चमक के बीच आकाशीय बिजली रैगर मोहल्ला निवासी रमेश चंद रैगर एवं कल्याणमल रैगर के मकानों पर आ गिरी। बिजली गिरने के साथ ही जोरदार धमाका हुआ और दोनों मकानों के आगे के हिस्से की छतें देखते ही देखते ढह गईं।

पीड़ित परिवारों ने बताया कि वे सभी घर के पिछले कमरों में सो रहे थे। अचानक तेज गड़गड़ाहट और मलबा गिरने की आवाज सुनकर उनकी नींद खुल गई। परिवार के सदस्य घबराकर बाहर की ओर दौड़े तो देखा कि मकान के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। जिस हिस्से की छत गिरी, वहां उस समय कोई मौजूद नहीं था, जिससे सभी लोग मलबे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।
घटना के बाद परिवारों में दहशत का माहौल रहा और भय के कारण उन्हें पूरी रात खुले आसमान के नीचे गुजारनी पड़ी। आकाशीय बिजली गिरने से दोनों मकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। छतों के ढहने से घरों में रखा घरेलू सामान भी मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया। सुबह होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और प्रभावित परिवारों को ढांढस बंधाया। पीड़ित परिवार एवं स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से क्षति का आकलन कर पीड़ित परिवारों को शीघ्र उचित मुआवजा एवं राहत उपलब्ध कराने की मांग की है।











