आचार्य विद्यासागर जी महाराज का 79वां अवतरण दिवस श्रद्धा और भक्ति से मनाया गया

भीलवाड़ा – मूलचन्द पेसवानी। शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज का 79वां अवतरण दिवस तथा आचार्य श्री समयसागर जी महाराज का 67वां अवतरण दिवस श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में मनाया गया। यह आयोजन सेवा ग्रुप और सुधा सागर दिगंबर जैन संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में पुर रोड स्थित विद्यासागर सर्कल पर संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यासागर सर्कल पर दीप प्रज्वलन कर आचार्य श्री के अवतरण दिवस उत्सव का शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं ने आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज की पूजा-अर्चना की और उनके चरणों में नमन करते हुए जीवन में उनके आदर्शों को अपनाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर एन.सी. जैन ने आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज के जीवन, तप, त्याग और आध्यात्मिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि आज के युग में आचार्य श्री की शिक्षाएँ युवाओं को संयम, सेवा और सदाचार की ओर अग्रसर करती हैं।
आयोजन के दौरान सुधा सागर दिगंबर जैन सेवा संस्थान के विद्यार्थियों द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने संकल्प लिया कि वे समाज में पर्यावरण संरक्षण का संदेश प्रसारित करेंगे। कार्यक्रम का संचालन पंकज बघेरवाल ने कुशलता से किया।
इस अवसर पर सुधा सागर दिगंबर जैन संस्थान के सदस्य प्रदीप गदिया, एन.सी. जैन, पूनम सेठी, सेवा ग्रुप के विवेक बाकलीवाल, अभिषेक छाबड़ा, अशोक बाकलीवाल, मनोज भैंसा, सौरभ शाह, वीरेंद्र पटौदी सहित बड़ी संख्या में जैन समाज के श्रद्धालु उपस्थित रहे।
अंत में सभी श्रद्धालुओं ने आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज व आचार्य श्री समयसागर जी महाराज की आरती की।











