टाक समाज ने धूमधाम से मनाया सावन महोत्सव, विधायक मीणा ने समाज धर्मशाला में डोम निर्माण के लिए 10 लाख की स्वीकृति की घोषणा

जहाजपुर-पेसवानी। अखिल भारतीय श्री टाक क्षत्रिय महासभा जहाजपुर-देवली-हाड़ौती-खेराड़ इकाई द्वारा आयोजित सावन महोत्सव एवं लहरिया उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज के सैकड़ों लोगों ने भाग लिया और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को साझा किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक गोपीचंद मीणा, टाक महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष कंवरीलाल टाक, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा, उपखंड अधिकारी राजकेश मीणा, न्यायिक मजिस्ट्रेट इंद्रसिंह मीणा चित्तौड़गढ़ सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं समाज पदाधिकारी मौजूद रहे।
विधायक मीणा ने घटारानी माता को आस्था का प्रतीक बताते हुए कहा कि उनके क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। उन्होंने टाक समाज की हर मांग को न केवल सुना है बल्कि उसे क्रियान्वित भी किया है। इसी क्रम में उन्होंने समाज की धर्मशाला में श्रद्धालुओं के बैठने व आयोजनों हेतु 10 लाख रुपये की लागत से डोम निर्माण की स्वीकृति की घोषणा की। साथ ही उन्होंने समाज द्वारा जहाजपुर में भूमि की जो मांग की गई है, उसे शीघ्र पूरा करने का आश्वासन भी दिया। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने समाज की एकता को सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि नई पीढ़ी को संस्कारों के साथ शिक्षा देना आवश्यक है ताकि वे समाज और देश के लिए उपयोगी बन सकें।

टाक महासभा के केंद्रीय अध्यक्ष कंवरीलाल टाक ने समाज की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि समाज ने हर बार उदाहरण प्रस्तुत किए हैं। उन्होंने बताया कि जब समाज धर्मशाला में बर्तनों की कमी महसूस हुई तो महिला मंडल ने एक व्हाट्सएप संदेश पर ही एक लाख रुपये से अधिक की राशि एकत्र कर बर्तन खरीद लिए, जो समाज की एकजुटता और महिला शक्ति की प्रेरक मिसाल है। कार्यक्रम के दौरान टाक समाज की महिलाओं ने पारंपरिक परिधान पहनकर लहरिया उत्सव मनाया और सावन गीतों पर झूम उठीं। पूनम टाक के संचालन में पारंपरिक खेलों का आयोजन हुआ और जयश्री टाक रोपा ने गीतों के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और गरीबी से उबरने के उपाय बताए। वहीं बच्चों द्वारा प्रस्तुत शिव-पार्वती व राधा-कृष्ण की जीवंत झांकियां सभी के आकर्षण का केंद्र बनीं।
समारोह के दौरान विधायक गोपीचंद मीणा का समाज की ओर से भव्य स्वागत किया गया। उन्हें 51 किलो की पुष्पमाला पहनाई गई, राजस्थानी साफा बांधा गया और मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। यह सम्मान कंवरीलाल टाक, अनिल कुमार टाक, हरिप्रसाद टाक, भेरूलाल टाक, रामप्रसाद टाक, दीपक टाक, दिनेश टाक, रामावतार टाक समेत समाज के अन्य सदस्यों द्वारा संयुक्त रूप से प्रदान किया गया। इस अवसर पर गुढ़ा सरपंच पति भेरूलाल मीणा, भाजपा एसटी मोर्चा के महेंद्र मीणा गेरूटा, मानसिंह मीणा, रामेश्वर गुर्जर, लक्ष्मण मीणा सहित अन्य अतिथियों का भी स्वागत व सम्मान किया गया।
समारोह में समाज के भामाशाहों, समाजसेवियों और प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं का सम्मान भी किया गया। सम्मान प्राप्त करने वालों में उदयलाल टाक, रामावतार, चिरंजीलाल, सत्यनारायण, दीपक, भगवत सिंह, कैलाश टाक, भेरूलाल, मधु देवी टाक, शैतान टाक, पवन टाक, सुरेश टाक आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे। महिला मंडल अध्यक्ष कन्या देवी टाक के नेतृत्व में समाज की महिलाओं ने व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से एकत्रित धन से देवली जाकर बर्तन खरीदकर समाज को समर्पित किए। इससे पूर्व महिला मंडल द्वारा रक्तदान शिविर भी आयोजित किया जा चुका है, और अब भोजन वितरण को व्यवस्थित करने हेतु बर्तनों की व्यवस्था कर समाज सेवा की भावना को और बल प्रदान किया गया है। साथ ही यह संकल्प भी लिया गया कि भविष्य में किसी भी आयोजन में भोजन का अपव्यय नहीं होने दिया जाएगा।
समाज के क्षेत्रीय अध्यक्ष अनिल कुमार टाक हिंडोली ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियां साझा करते हुए समाज को एकजुट रखने की अपील की और कहा कि समाज से बड़ा उनके लिए कुछ नहीं है, वे सदैव सेवा के लिए तत्पर रहेंगे। कार्यक्रम को सफल बनाने में भवन निर्माण समिति के केंद्रीय अध्यक्ष भगवतीलाल टाक रायला, शैलेन्द्र टाक भीलवाड़ा, राजेन्द्र कुमार टाक मारवाड़, लादू लाल टाक चित्तौड़गढ़, मनोज कुमार टाक डिग्गी मालपुरा, हेमसिंह टाक अजमेर, चमन सिंह टाक भीलवाड़ा, लक्ष्मीनारायण टाक, सत्यनारायण टाक सहित अनेक क्षेत्रीय पदाधिकारियों का सराहनीय योगदान रहा।
समारोह की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन को और अधिक भव्य एवं प्रेरणादायक बना दिया। समाज की एकता, महिलाओं की भागीदारी, युवाओं का उत्साह और बुजुर्गों का मार्गदर्शन इस आयोजन की विशेषताएं रहीं, जिसने पूरे कार्यक्रम को अविस्मरणीय बना दिया।












