मुख्यमंत्री विकसित ग्राम-शहरी वार्ड अभियान को मिलेगा जनआधार, 20 अप्रैल को विशेष ग्राम सभाएं

जनभागीदारी से बनेगा मास्टर प्लान, क्यूआर फीडबैक व जीआईएस मैपिंग से तय होंगी प्राथमिकताएं
रवि मंगल अग्रवाल
राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिले की सभी ग्राम पंचायतों एवं शहरी वार्डों में 20 अप्रैल 2026 को विशेष ग्राम सभा एवं वार्ड सभाओं का आयोजन किया जाएगा। जिला कलक्टर काना राम ने इन सभाओं को प्रभावी, सहभागी और परिणामोन्मुख बनाने के निर्देश देते हुए आमजन की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया है। उन्होंने अभियान को जनआंदोलन के रूप में संचालित करने की बात कही।
मुख्यमंत्री विकसित ग्राम एवं शहरी वार्ड अभियान के तहत प्रत्येक ग्राम पंचायत और वार्ड के लिए डायनामिक मास्टर प्लान तैयार किया जाएगा, जिसे 15 मई 2026 तक पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नियमित मॉनिटरिंग और जवाबदेही भी तय की गई है।
20 अप्रैल को होने वाली इन विशेष सभाओं में स्थानीय विकास प्राथमिकताओं, आधारभूत सुविधाओं और जन अपेक्षाओं पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। सुझाव पेटिकाओं के माध्यम से लोगों से सुझाव लिए जाएंगे, वहीं क्यूआर कोड आधारित डिजिटल फीडबैक सिस्टम के जरिए भी नागरिक अपनी राय दे सकेंगे।
अभियान के तहत स्थानीय स्तर पर सर्वे और डेटा संकलन कर जीआईएस प्लेटफॉर्म के माध्यम से जल स्रोतों, सड़कों, सार्वजनिक भवनों और अन्य संरचनाओं की मैपिंग की जाएगी। इसी आधार पर वर्ष 2030, 2035 और 2047 तक की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए दीर्घकालिक मास्टर प्लान तैयार होगा।
जिला कलक्टर ने निर्देश दिए हैं कि 20 अप्रैल तक फोकस ग्रुप डिस्कशन आयोजित कर लिए जाएं, 25 अप्रैल तक ड्राफ्ट मास्टर प्लान तैयार हो जाए और 15 मई 2026 तक अंतिम योजना पोर्टल पर अपलोड कर दी जाए। सभी आंकड़ों का सत्यापन कर हितधारकों के सुझावों को प्राथमिकता दी जाएगी।

अभियान के संचालन के लिए जिला स्तर पर संयुक्त टीमें गठित की गई हैं और हेल्पडेस्क भी स्थापित किए गए हैं। वेब पोर्टल और मोबाइल एप के माध्यम से डेटा एंट्री, जीआईएस मैपिंग, जियो टैगिंग और मॉनिटरिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
इस अभियान में ग्राम पंचायत और शहरी वार्ड टूलकिट को 11 प्रमुख सेक्शन में विभाजित किया गया है, जिनमें प्रशासन, कृषि एवं आजीविका, स्वास्थ्य, शिक्षा, सामाजिक सुरक्षा, औद्योगिक विकास, आधारभूत संरचना, जल प्रबंधन, पर्यावरण, पर्यटन और सुशासन शामिल हैं। इसके जरिए योजनाबद्ध और संतुलित विकास सुनिश्चित किया जाएगा।
आमजन से अपील:
जिला कलक्टर काना राम ने लोगों से अपील की है कि 20 अप्रैल को आयोजित विशेष ग्राम सभाओं में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और अपने सुझाव दें। उन्होंने कहा कि जनभागीदारी से तैयार यह मास्टर प्लान आने वाले वर्षों में सवाई माधोपुर को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।











