बिजौलिया पुलिस की बड़ी सफलता: 25 साल से फरार डकैती वारंटी गिरफ्तार, 3 आरोपी व 1 नाबालिग निरुद्ध

- महेश पूरी
भीलवाड़ा। जिले में वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बिजौलिया पुलिस ने उल्लेखनीय कार्रवाई करते हुए 25 वर्षों से फरार एक स्थाई वारंटी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह (आईपीएस) के निर्देशन में 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक चल रहे विशेष अभियान के अंतर्गत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पारस जैन और वृत्ताधिकारी माण्डलगढ़ बाबूलाल विष्णोई के सुपरविजन में थानाधिकारी स्वागत पाण्डया के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने डकैती के मामले में 25 साल से फरार स्थाई वारंटी नानिया भील (51), निवासी बिजलपुर, थाना कल्याणपुरा, जिला झाबुआ (मध्यप्रदेश) को गिरफ्तार किया। आरोपी लंबे समय से लगातार ठिकाने बदलकर फरारी काट रहा था। पुलिस ने झाबुआ में आसूचना संकलन कर उसे पकड़ने में सफलता हासिल की।
इसी अभियान के तहत आर्म्स एक्ट के मामले में वांछित स्थाई वारंटी कन्हैयालाल भील (30), निवासी कास्या, थाना बिजौलिया को भी गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
वहीं, पोक्सो एक्ट के एक मामले में नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर ले जाने के प्रकरण में मुख्य आरोपी के दो सहयोगी—सुनील और महेन्द्र—को गिरफ्तार किया गया, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया।
इस कार्रवाई में थाना बिजौलिया सहित विभिन्न थानों की पुलिस टीमों ने समन्वित भूमिका निभाई। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों में भय का माहौल बना हुआ है।











