एकल अभियान की मासिक आवासीय बैठक संपन्न, विभिन्न सत्रों में रही प्रभावशाली सहभागिता

सिरोही (पिंडवाड़ा-स्वरूपगंज): वनवासी कल्याण परिषद के तत्वावधान में एकल अभियान की हल्दीघाटी अंचल (संभाग राजस्थान) अंतर्गत सिरोही संच, पिंडवाड़ा और स्वरूपगंज क्षेत्र की मासिक आवासीय बैठक उत्साहपूर्वक संपन्न हुई। बैठक में सभी सत्र निर्धारित समयानुसार आयोजित किए गए, जिनमें शिक्षकों, संच प्रमुखों और प्रशिक्षकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
उद्घाटन सत्र की शुरुआत संपर्क प्रमुख महेन्द्र कुमार व्यास द्वारा मां भारती एवं मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलन कर की गई। इसके पश्चात उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने सामूहिक वंदना कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
द्वितीय सत्र में जीकेवी छात्रों की उपस्थिति पत्रक की समीक्षा की गई, वहीं तृतीय सत्र में वृक्षारोपण एवं तुलसी पौधारोपण जैसी पर्यावरणीय गतिविधियों पर चर्चा हुई। तीनों शिक्षाओं से जुड़े तीन-तीन कार्यों की जानकारी भी प्रतिभागियों को दी गई। इस सत्र का नेतृत्व अंचल प्राथमिक प्रशिक्षक प्रमुख भरत कुमार ने किया। उन्होंने आचार्य ऑनलाइन उपस्थिति, विद्यालय संचालन की पद्धति, एवं शिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने की विधियों पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया।
चतुर्थ सत्र में संच प्रमुख चौपारण गरासिया ने आगामी माह की योजनाओं पर प्रकाश डाला और संगठनात्मक रूपरेखा को साझा किया। पंचम सत्र में स्वरूपगंज संच प्रमुख देवाराम ने जागरण शिक्षा, ग्राम विकास एवं सतत शिक्षा के विभिन्न पहलुओं पर प्रेरक जानकारी दी।
बैठक का समापन शुभकामना मंत्र के सामूहिक उच्चारण के साथ हुआ, जिसमें सभी कार्यकर्ताओं ने एकल मिशन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।












