शिव महापुराण कथा आयोजन को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी, सर्वसमाज से सहयोग का आह्वान

भीलवाड़ा, 15 फरवरी। धर्मनगरी भीलवाड़ा में पहली बार प्रख्यात कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से 9 से 15 अप्रैल तक शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। यह भव्य आयोजन आजादनगर स्थित मेडिसिटी ग्राउंड में प्रस्तावित है।
कथा की तैयारियों को लेकर शिव महापुराण कथा आयोजन समिति की बैठक शनिवार को संकटमोचन हनुमान मंदिर में महंत बाबूगिरीजी महाराज के सानिध्य में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष एवं अशोक कोठारी ने की।
समिति के कार्यकारी अध्यक्ष राधेश्याम सोमानी ने आयोजन की प्रारंभिक तैयारियों की जानकारी दी। विधायक कोठारी ने आयोजन को ऐतिहासिक, भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां करने के निर्देश दिए। बैठक में यह निर्णय लिया गया कि आयोजन हेतु नई प्रशासनिक स्वीकृति प्राप्त करने के लिए शीघ्र आवेदन प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग समितियों का गठन कर दायित्व सौंपे जाएंगे। कथा समिति का कार्यालय भी जल्द प्रारंभ किया जाएगा।

आयोजकों के अनुसार कथा श्रवण के लिए प्रतिदिन दो से तीन लाख शिव भक्तों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, पेयजल और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। आयोजन को सर्वसमाज की सहभागिता से ऐतिहासिक और भक्तिमय बनाने का संकल्प लिया गया।
आयोजन के सूत्रधार महंत बाबूगिरीजी महाराज ने आशीर्वचन देते हुए कहा कि यह आयोजन महादेव की भक्ति से परिपूर्ण और यादगार बने, इसके लिए सभी को समर्पित भाव से अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
बैठक में पंडित अशोक व्यास, बद्रीलाल सोमानी, रामेश्वर ईनाणी, कन्हैयालाल स्वर्णकार, कैलाश डाड, रजनीकांत आचार्य, ललित सोमानी, सत्येंद्र बिरला, दुर्गालाल सोनी, गोपीकिशन पाटोदिया, निलेश कांठेड़, संजय राठी, बाबूलाल टांक, राजेश कुदाल, दिनेश सोनी, दिनेश सुथार, राजकुमार ईनाणी, कमल कोठारी, राघव आचार्य, निर्मल जोशी, संजय खन्ना, राजकुमार शर्मा, ओमप्रकाश लढ़ा सहित समिति सदस्य उपस्थित रहे।















