
हनुमानजी के नाम एक शाम: संत-महात्माओं की मौजूदगी में सजेगा आध्यात्मिक दरबार
सुमेरपुर/पाली। जिले के ग्राम पोयना में आज शनिवार रात्रि को भक्ति और आस्था का विराट संगम देखने को मिलेगा, जब “एक शाम हनुमानजी के नाम” के तहत आयोजनकर्ता कांतिलाल पकाजी प्रजापत के सानिध्य एवं समस्त प्रजापत समाज के तत्वताल में भव्य विशाल भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर ग्रामीणों में उत्साह चरम पर है और तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
आयोजन डीजे प्रकाश कुमटिया के बैनर तले समस्त प्रजापत समाज पोयना द्वारा किया जा रहा है। कार्यक्रम में भजन गायिका पूजा जोगसन एंड पार्टी, सिरोही अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर करेंगी। भजनों की स्वर लहरियों के बीच पूरा माहौल भक्तिमय हो जाएगा।
इस अवसर पर श्री श्री 1008 श्री विक्रमगिरीजी महाराज (भैंजी मंदिर, कोरटा) एवं श्री लक्ष्मणगिरीजी महाराज (महादेव मठ, कोरटा) की पावन उपस्थिति आयोजन की गरिमा को और बढ़ाएगी। संतों के सान्निध्य में श्रद्धालु भक्ति रस में डूबकर आध्यात्मिक ऊर्जा का अनुभव करेंगे।
आयोजकों के अनुसार, कार्यक्रम स्थल पर आकर्षक सजावट, रोशनी और व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
गौरतलब है कि इस तरह के धार्मिक आयोजनों से न केवल सामाजिक एकता को मजबूती मिलती है, बल्कि नई पीढ़ी को भी अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। आयोजकों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में भाग लेकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है। यह आयोजन दूसरी बार आयोजित किया जा रहा है।











