कुंडिया कला में वित्तीय समावेशन कैंप आयोजित, ग्रामीणों को योजनाओं और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी

कुंडिया कला में भारतीय रिजर्व बैंक के वित्तीय सहयोग से क्रिसिल फाउंडेशन मनी वाइज वित्तीय साक्षरता केंद्र शाहपुरा द्वारा वित्तीय समावेशन कैंप का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केंद्र प्रबंधक गायत्री शर्मा ने बैंकिंग प्रणाली एवं वित्तीय साक्षरता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि जिलेभर में लोगों को बैंक की कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, बचत एवं चालू खाता, फिक्स डिपॉजिट सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

फील्ड कॉर्डिनेटर धर्मराज गुर्जर ने ग्रामीणों को वित्तीय धोखाधड़ी से बचने के उपाय बताते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपने जरूरी दस्तावेज, ओटीपी अथवा बैंक खाते की जानकारी साझा नहीं करें। साथ ही अनजान लिंक पर क्लिक करने और लालच देने वाली योजनाओं एवं लॉटरी स्कीमों से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने किसी भी प्रकार की साइबर फ्रॉड की स्थिति में 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाने की जानकारी भी दी।
सचिव धीरज शर्मा ने चिरंजीवी बीमा योजना सहित प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना और प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना से जुड़ने के लिए ग्रामीणों को प्रेरित किया।
कैंप में मेट टॉनिक खटिक, रामेश्वर बलाई सहित कई समाजसेवी एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।














