डिग्री कॉलेज टुंडी में अंबेडकर जयंती (समानता दिवस) की पूर्व संध्या पर कार्यक्रम का आयोजन

टुंडी। अंबेडकर जयंती ( समानता दिवस ) की पूर्व संध्या पर आज दिनांक -13/04/2026 को डिग्री कॉलेज टुंडी में “आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ” और इतिहास विभाग के संयुक्त तत्वाधान में एक गरिमामय कार्यक्रम और “भारतीय समाज में सामाजिक न्याय एवं मानवाधिकार की स्थापना में डॉo भीमराव अम्बेडकर की भूमिका” विषय पर एक संगोष्ठी भी आयोजित की गई l कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. इंद्रजीत कुमार ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत वन्देमातरम गीत और बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य डॉ. इंद्रजीत कुमार ने डॉ. अंबेडकर के जीवन, उनके संघर्ष और भारतीय संविधान के निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि अंबेडकर जी का जीवन सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के महत्व का प्रतीक है, जिससे युवाओं को प्रेरणा लेनी चाहिए l

मुख्य वक्ता प्रोo अविनाश कुमार ने संगोष्ठी के विषय पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि अंबेडकर का सामाजिक न्याय का दृष्टिकोण सभी मनुष्यों की स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व को बढ़ावा देता है । एक तर्कवादी और मानवतावादी के रूप में, उन्होंने धर्म की आड़ में किसी भी प्रकार के पाखंड, अन्याय या मनुष्य द्वारा मनुष्य के शोषण की निंदा की l प्रोo मुकेश कुमार दास ने बाबा साहब की जीवनी पर प्रकाश डाला l इस अवसर पर महाविद्यालय में एक क्विज प्रतियोगिता का आयोजन भी हुआ, जिसमें जीतेन्द्र कुमार दास, मोमिना खातून और उर्मिला टुडू ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया l प्राचार्य महोदय द्वारा इन्हें पुस्कृत भी किया गया l
कार्यक्रम के अंत में सभी ने उनके आदर्शों पर चलने एवं समाज में समानता और भाईचारे को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। मंच संचालन प्रोo शालिनी डूंगडूंग और धन्यवाद ज्ञापन प्रोo लक्ष्मी कुमारी के द्वारा किया गया l इस कार्यक्रम में कॉलेज के सभी शिक्षक, शिक्षकेत्तर कर्मचारी एवं अनेक छात्र – छात्राएँ उपस्थित हुए l राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ l














