27 और 28 जुलाई को मनाया जाएगा तीज उत्सव : पर्यटन भवन में तैयारियों को लेकर हुई बैठक

- जयपुर
जयपुर में इस वर्ष 27 और 28 जुलाई को तीज उत्सव को भव्य और आकर्षक रूप में मनाया जाएगा
इसकी तैयारियों को लेकर सोमवार को पर्यटन भवन में प्रमुख शासन सचिव पर्यटन, कला, संस्कृति व पुरातत्व राजेश यादव की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्यटन आयुक्त रूकमणि रियाड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
राजेश यादव ने बताया- इस बार दो दिवसीय तीज उत्सव में तीज माता की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी, जिसमें राजस्थान की लोककलाओं में पारंगत लगभग 200 लोक कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। शोभायात्रा में हाथी, ऊंट, घोड़े, बैल, शहनाई, नगाड़े और बैण्ड भी शामिल रहेंगे। सवाई मान गार्ड बैण्ड वादन भी शोभा बढ़ाएगा।
पॉण्ड्रिक पार्क में लगेगा तीज मेला राजेश यादव ने बताया कि इस बार पॉण्ड्रिक पार्क को मुख्य आयोजन स्थल बनाया गया है, जहां पर क्राफ्ट मार्केट, फूड स्टॉल्स, महिलाओं के लिए झूले, मेंहदी, मांडना जैसी पारंपरिक गतिविधियां आयोजित होंगी। साथ ही लोक कलाकारों की रंगारंग प्रस्तुतियां भी होंगी। छोटी चौपड़ पर तीज माता की पूजा और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी।

प्रमुख शासन सचिव ने उत्सव के व्यापक प्रचार-प्रसार और ब्रांडिंग के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की जानकारी पर्यटन विभाग की वेबसाइट और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से देश-विदेश तक पहुंचाई जाए। इस बार तीज उत्सव का लाइव प्रसारण जयपुर शहर की स्क्रीन और राज्य भर में डीओआईटी के माध्यम से किया जाएगा।
राजेश यादव ने नगर निगम को शोभायात्रा मार्ग पर पेड़ों की छंटाई, बिजली और केबल तारों की मरम्मत, आवारा पशुओं की धड़पकड़, रंगोली और विशेष रोशनी व्यवस्था करने के निर्देश दिए। सार्वजनिक निर्माण विभाग को सवारी मार्ग पर बैरिकेडिंग कराने और स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पेयजल की समुचित व्यवस्था जलदाय विभाग की ओर से की जाएगी, जबकि चिकित्सा विभाग दो दिवसीय कार्यक्रम के लिए चिकित्सा वाहन, आवश्यक दवाएं, चिकित्सक व नर्सिंग स्टाफ तैनात करेगा। पशुपालन विभाग ऊंट, घोड़े व हाथी आदि के लिए पशु एम्बुलेंस और चिकित्सक उपलब्ध कराएगा।
नागरिक सुरक्षा विभाग को आपदा प्रबंधन टीम की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। राजेश यादव ने वन विभाग को ‘हरियालों राजस्थान’ अभियान के तहत पॉण्ड्रिक पार्क में पौधारोपण हेतु पौधे उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।















