गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हेतु शिक्षकों के लिए शोध आवश्यक -प्रजापत

बगड़ी नगर। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा हेतु शिक्षकों के लिए शोध आवश्यक है। शिक्षक शोध दृष्टि के साथ विद्यालयीन समस्याओं के समाधान व शैक्षणिक सहशैक्षणिक उन्नयन के लिए शोध कार्य करें।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में भी इस पर बल दिया गया है। उक्त उद्गार जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान बगड़ी नगर के आई एफ आई सी प्रभागाध्यक्ष डॉ भेराराम प्रजापत ने जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान बगड़ी नगर में आज से शुरू हुए चार दिवसीय शोध अनुसंधान संबंधी जागरुकता एवं दक्षता संवर्धन प्रशिक्षण शिविर में व्यक्त किए।
प्रजापत ने कहा कि शोध में रुचि शिक्षक का स्वभाव व संस्कार बनना चाहिए। सरस्वती पूजन से प्रारंभ हुए इस प्रशिक्षण के पहले संदर्भ व्यक्ति अतिरिक्त मुख्य ब्लाक शिक्षा अधिकारी विजय सिंह माली व मोहम्मद रफ़ीक ने अलग-अलग सत्रों में अनुसंधान का अर्थ, विशेषताएं, प्रकार, अनुसंधानकर्ता के गुण, क्रियात्मक व मौलिक अनुसंधान पर प्रकाश डाला। भोजनोपरान्त सभी संभागियो ने विजय सिंह माली व मोहम्मद रफीक के निर्देशन में पांच समूहों में विभक्त कर गतिविधि करवाई गई। प्रत्येक समूह ने अपने द्वारा परस्पर चर्चा के बाद तैयार चार्ट प्रस्तुत किए तथा अपनी बात रखी।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ नरेन्द्र वैष्णव, मोती सिंह राजपुरोहित, दिनेश भारती, सुरेश बोराणा, महावीर सिंह , जितेंद्र सिंह राजपुरोहित ने भी विचार व्यक्त किए। इस प्रशिक्षण में राजू सिंह, भंवर लाल, डॉ अजीत सिंह, आशीष, सुमन हलकिया सहित पाली जिले के शोध में में रुचि रखने वाले शिक्षक व संस्था प्रधान भाग ले रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि जिला अनुसंधाता समूह शिक्षा में शोध अनुसंधान को बढ़ावा देने के लिए बनाया गया समूह है।












