राज्य स्तरीय शोध कार्यशाला संपन्न

मोनू एस. छीपा, लूनिया टाइम्स, शाहपुरा
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) के आईएफआईसी प्रभाग के निर्देशन में चार दिवसीय संयुक्त राज्य स्तरीय शोध आकल्पना एवं उपकरण निर्माण कार्यशाला संपन्न हुई।
प्रभागाध्यक्ष एवं शोध संयोजक डॉ. कैलाश मंडेला ने बताया कि सत्र 2025-26 के लिए भीलवाड़ा डाइट को लीडर डाइट के रूप में “राजकीय विद्यालयों में बालिकाओं की STEM विषयों में सहभागिता बढ़ाने हेतु क्रियान्वित शैक्षिक नवाचारों की प्रभावशीलता का विश्लेषणात्मक अध्ययन” विषय पर शोध कार्य आवंटित किया गया है।
सहयोगी डाइट के रूप में बाड़मेर, करौली तथा झुंझुनूं डाइट को शामिल किया गया है। 8 सितंबर से शुरू हुई इस कार्यशाला में प्रत्येक डाइट से 4 प्रतिभागियों सहित कुल 16 प्रतिभागियों ने भाग लिया। इस कार्यशाला में शोध आकल्पना एवं उपकरण तैयार किए गए।
डाइट प्रधानाचार्य रामनारायण मीणा ने सभी शोधकर्ताओं से गुणवत्तापूर्ण कार्य करने पर जोर दिया। शोध संयोजक डॉ. मंडेला ने बताया कि इस शोध के माध्यम से राजकीय विद्यालयों में बालिकाओं के लिए किए जा रहे शैक्षिक नवाचारों से विज्ञान, गणित एवं तकनीकी विषयों के प्रति बालिकाओं के रुझान एवं प्रभावशीलता का विश्लेषणात्मक अध्ययन कुल तीन उपकरणों के माध्यम से किया जाएगा।
यह शोध कार्य राजस्थान राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (आरएससीईआरटी), उदयपुर के निर्देशन में किया जाएगा। डीईआरएफ अध्यक्ष डॉ. विनोद श्रीवास्तव ने इस कार्यशाला में अपनी विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान कीं। इस अवसर पर डाइट के प्रकाशनों का वितरण भी प्रतिभागियों को किया गया।












