प्रशासनिक मौजूदगी में राणकपुर-जवाई फेस्टिवल का भव्य शुभारंभ

पर्यटन और संस्कृति को नई पहचान देने की पहल
राणकपुर/सादड़ी। क्षेत्र के पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित राणकपुर-जवाई फेस्टिवल का इस वर्ष प्रशासनिक मौजूदगी में भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के आगाज पर प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
शुभारंभ अवसर पर जिला कलेक्टर लक्ष्मी नारायण मंत्री, एसडीएम सिद्धार्थ सांदू, तहसीलदार फतेहसिंह, नायब तहसीलदार गिरिराजसिंह राणावत, नगरपालिका ईओ नीलकमल सिंह राणावत, भाजपा नेता हीरसिंह राजपुरोहित, पार्षद नारायण राईका, पार्षद रमेश प्रजापति, रामपाल सिंह मेवाडा सहित अधिकारी व कार्मिक उपस्थित रहे।

अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के आयोजन से राणकपुर और जवाई क्षेत्र को पर्यटन मानचित्र पर मजबूत पहचान मिलती है। फेस्टिवल के माध्यम से स्थानीय संस्कृति, लोक कलाओं और पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
कार्यक्रम के पहले दिन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ फेस्टिवल की विधिवत शुरुआत की गई। आयोजन स्थल पर उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला।
आयोजकों के अनुसार आगामी दिनों में फेस्टिवल के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, पर्यटन गतिविधियां और स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने वाले आयोजन किए जाएंगे।














